सऊदी अरब ने यमन के कुछ क्षेत्रों पर पुनः हमले किये हैं।
स्काई न्यूज़ के अनुसार सऊदी अरब के विमानों ने मंगलवार को हज्जा प्रांत के हेरज़ नगर में कुछ क्षेत्रों पर बमबारी की। इस आक्रमण में होने वाली क्षति के बारे में विस्तार से कुछ पता नहीं चला है। सऊदी अरब के युद्धक विमानों ने यमन की राजधानी सनआ के हवाई अड्डे सहित इस देश के कुछ हवाई अड्डों पर भी आक्रमण किये। उधर लहिज प्रांत के अलहूता नगर में भगोड़े राष्ट्रपति मंसूर हादी के समर्थकों और क्रांतिकारियों के बीच गंभीर झड़पों के समाचार मिले हैं। इन झड़पों में 19 लोग मारे गए। इसी बीच संयुक्त राष्ट्र संघ ने सऊदी अरब के नेतृत्व वाले गठबंधन से मांग की है कि वह यमन की राजधानी सनआ के हवाई अड्डे पर आक्रमण तत्काल रोक दे ताकि यमन की जनता के लिए मानवताप्रेमी सहायता भेजी जा सके।
दूसरी ओर सूचना मिली है कि यमन की सेना के साथ झड़पों में सऊदी अरब के कम से कम 12 सैनिक मारे गए हैं।